औरंगाबाद:
बिहार ग्रामीण बैंक की ओरा शाखा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे औरंगाबाद जिले में शीर्ष स्थान प्राप्त कर एक नई मिसाल कायम की है। जीविका ऋण वितरण अभियान के तहत शाखा ने लगभग 3.30 करोड़ रुपये का डिस्बर्समेंट कर जिले की सभी शाखाओं को पीछे छोड़ दिया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे शाखा प्रबंधक चंद्रशेखर साहू का कुशल नेतृत्व, सहायक प्रबंधक सुमित कुमार उपाध्याय का सक्रिय समन्वय और कार्यालय सहायक स्वाति प्रखर की मेहनत सराहनीय रही। पूरी बैंकिंग टीम ने लक्ष्य को समय पर हासिल करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया।
वहीं, जीविका टीम की ओर से रंजू मैडम और सहदेव सर का महत्वपूर्ण सहयोग भी इस सफलता में निर्णायक साबित हुआ। बैंक और जीविका टीम के बीच बेहतर तालमेल, त्वरित प्रक्रिया और समूहों से सतत संवाद के कारण यह रिकॉर्ड संभव हो सका।
ओरा शाखा की इस उपलब्धि से जीविका समूह की दीदियों में खासा उत्साह है। इस वित्तीय सहयोग से स्वरोजगार, लघु उद्यम और आजीविका गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति प्राप्त होगी।
ओरा शाखा ने अपने प्रदर्शन से यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण, टीम भावना और स्पष्ट लक्ष्य के साथ कार्य करने पर असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।






