CM की ‘समृद्धि यात्रा’ से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन, मुंशी बिगहा में कड़ी सुरक्षा के साथ व्यवस्था का मास्टर प्लान तैयार

औरंगाबाद
मुख्यमंत्री, बिहार की प्रस्तावित “समृद्धि यात्रा” को लेकर जिले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में आज मुंशी बिगहा सभा स्थल पर जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक श्री अम्बरीष राहुल (भा.पु.से.) ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की।


ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ करने को कहा गया।


प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभा स्थल, हेलिपैड, कारकेड और विश्राम स्थल सहित सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी और सभी प्रवेश द्वारों पर सघन जांच व तलाशी की व्यवस्था लागू रहेगी।
इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में एंटी सबोटेज जांच, लगातार निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों को तैनात कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। संभावित विरोध या किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारी रखने को कहा है।


वहीं, पार्किंग, पेयजल, आवागमन मार्ग और अन्य आधारभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी 24 घंटे निगरानी रखने और भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


इस बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।