ब्रेकिंग: दिल्ली- पटना के बाद औरंगाबाद में NEET पेपर लीक पर बवाल, छात्रों-पुलिस में हिंसक झड़प, पथराव के बाद लाठीचार्ज

औरंगाबाद, 25 जुलाई 2026।

NEET पेपर लीक मामले और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को औरंगाबाद में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। बड़ी संख्या में छात्र जिला मुख्यालय पहुंचे और सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब आक्रोशित प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हो गया। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हालात बिगड़ते देख पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्वक हटाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ नहीं मानी। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। स्थिति फिर भी नियंत्रण में नहीं आने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ दिया। लाठीचार्ज के बाद छात्र इधर-उधर भाग गए और सड़क पर कई देर तक तनाव का माहौल बना रहा।

घटना के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई तथा फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। घटना में कुछ छात्र और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पूरे मामले पर पुलिस की कार्रवाई जारी है।