जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी देव में आयोजित देव चैती छठ मेला-2026 सहित जिले के विभिन्न स्थलों पर चैती छठ महापर्व अत्यंत शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हुआ।
पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं प्रभावी प्रबंध किए गए, जिससे पूरा आयोजन अनुशासन, आस्था और श्रद्धा के अद्भुत संगम के रूप में सफल रहा।
देव स्थित सूर्यकुंड, रूद्रकुंड सहित जिले के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, टेंट सिटी, ट्रैफिक नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाएं, आपातकालीन सहायता, गोताखोर दल, एनडीआरएफ/एसडीआरएफ सहयोग, नियंत्रण कक्ष एवं सतत निगरानी की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित की।
सभी प्रमुख स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी, जिसके कारण पूरे आयोजन के दौरान विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में रही।
घाटों की नियमित साफ-सफाई, मार्ग निर्धारण, भीड़ प्रबंधन, चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस सेवा, अग्निशमन दस्ता, अस्थायी शौचालय, पेयजल टैंकर, सहायता केंद्र एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से सूचनाओं का प्रसारण—इन सभी व्यवस्थाओं ने श्रद्धालुओं को निर्बाध सुविधा प्रदान की।
संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने अपने दायित्वों का गंभीरता और तत्परता के साथ निर्वहन किया, जिसके परिणामस्वरूप कहीं भी अव्यवस्था या असुविधा की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद ने इस सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग देने के लिए आमजन, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही, श्रद्धालुओं द्वारा प्रदर्शित अनुशासन एवं सहयोग की भावना को सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक आस्था का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।






