नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ चार दिवसीय छठ व्रत, देव में चैती छठ मेला व बिहार दिवस का भव्य शुभारंभ; टेंट सिटी व सुदृढ़ व्यवस्था से श्रद्धालुओं को मिलेगी विशेष सुविधा

औरंगाबाद जिले के देव स्थित सूर्य नगरी में 22 मार्च 2026 को चैती छठ मेला-2026 एवं बिहार दिवस-2026 का भव्य शुभारंभ माननीय सांसद श्री अभय कुमार सिन्हा द्वारा विधिवत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बिहार गीत के सामूहिक गायन से हुई, जिसके बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।


कार्यक्रम में सदर विधायक  त्रिविक्रम नारायण सिंह, रफीगंज विधायक  प्रमोद कुमार सिंह, कुटुम्बा विधायक ललन राम, जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी द्वारा सांसद सहित अन्य अतिथियों को पौधा एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया।


उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह ने अपने संबोधन में छठ महापर्व को आस्था, अनुशासन और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। वहीं जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने चैती छठ मेला एवं बिहार दिवस के संयुक्त आयोजन को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए देव सूर्य मंदिर की ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला।


उन्होंने बताया कि मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। पेयजल, प्रकाश, चिकित्सा, टेंट-पंडाल, सड़क मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। साथ ही पहली बार सूर्य कुंड के समीप जीवा बिगहा मोड़ के पास टेंट सिटी का निर्माण कराया गया है, जहां व्रतियों के ठहरने हेतु बेड, गद्दा, पेयजल, स्वच्छता एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है


इसी क्रम में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मेला क्षेत्र एवं आवासन स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। कुंड परिसर में स्थापित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आवासन स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, चेंजिंग रूम एवं 24×7 सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।


जिला पदाधिकारी ने बताया कि सभी स्थलों पर चिकित्सा टीम की तैनाती एवं विधि-व्यवस्था के लिए दंडाधिकारियों की निगरानी सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और छठ महापर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।


इस अवसर पर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाते हुए सहयोग करें। देव चैती छठ मेला-2026 को सफल, सुरक्षित एवं श्रद्धापूर्ण बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।