औरंगाबाद । ईद-उल-फितर के अवसर पर औरंगाबाद में उत्साह, आस्था और भाईचारे का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के नवाडीह मोहल्ला स्थित ईदगाह मैदान में हजारों नमाजियों ने एकत्र होकर सामूहिक नमाज अदा की और देश की तरक्की, अमन-चैन व खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
इसके अलावा शहर के जमा मस्जिद सहित विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में भी नमाज अदा की गई। पूरे शहर में करीब 16 स्थानों पर नमाज के आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
नमाज के दौरान इमाम ने आपसी प्रेम, भाईचारा और बुजुर्गों के सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता की सेवा सबसे बड़ी इबादत है और जिन घरों में बुजुर्गों को सम्मान नहीं मिलता, वहां इबादत अधूरी रह जाती है। नमाजियों ने इस संदेश को सहर्ष स्वीकार करते हुए अपने गुनाहों से तौबा की।
ईद के इस पावन मौके पर बच्चों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला। हर ओर खुशी, उमंग और सौहार्द का माहौल रहा। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और समाज में भाईचारे को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन के दंडाधिकारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों की उपस्थिति ने हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश की।






