औरंगाबाद/पटना- समृद्धि यात्रा के दौरान नीतीश कुमार शुक्रवार को औरंगाबाद जिले के बारूण प्रखंड अंतर्गत मुंशी बिगहा में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। बड़ी संख्या में जुटे लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बिहार के विकास, रोजगार सृजन और आगामी योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ और विकास की नई शुरुआत हुई। उन्होंने पुराने दौर की स्थिति का जिक्र करते हुए बताया कि पहले जहां भय और अव्यवस्था का माहौल था, वहीं अब राज्य में शांति, भाईचारा और विकास का वातावरण है।

शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि अब तक लाखों शिक्षकों की बहाली की गई है और सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को साइकिल, पोशाक जैसी योजनाओं का लाभ मिला है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पहले जहां अस्पतालों में मरीजों की संख्या बेहद कम थी, वहीं अब हर महीने हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं और नए मेडिकल कॉलेज भी बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने रोजगार के मुद्दे पर बड़ा दावा करते हुए कहा कि अब तक 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया जा चुका है और अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। साथ ही “सात निश्चय-3” के तहत राज्य की आय दोगुनी करने और उद्योगों को बढ़ावा देने की योजना पर तेजी से काम होगा।

महिला सशक्तिकरण को लेकर उन्होंने कहा कि पंचायतों और नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण, सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण और जीविका समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया गया है।
औरंगाबाद जिले के विकास पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि यहां सड़क, पुल, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। जिले में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, आईटीआई और अन्य संस्थानों की स्थापना की गई है। साथ ही 8 नई विकास योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है, जिन्हें जल्द पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में औरंगाबाद में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे, सभी प्रखंडों में आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।
कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी और संतोष कुमार सुमन समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।






