औरंगाबाद
बिहार ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय औरंगाबाद ने 20 फरवरी 2026 को एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए मात्र एक ही दिन में जीविका समूह की दीदियों को कुल 100 करोड़ रुपये का ऋण वितरण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह उपलब्धि न केवल बैंकिंग क्षेत्र के लिए, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बन गई है।
औरंगाबाद क्षेत्रीय कार्यालय की सभी शाखाओं के सामूहिक प्रयास से यह लक्ष्य निर्धारित तिथि पर ही हासिल किया गया। इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.), बैंक के महाप्रबंधक श्री चितरंजन चौधरी, क्षेत्रीय प्रबंधक श्री अरबिंद कुमार तथा जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक औरंगाबाद श्री पवन कुमार एवं प्रबंधक (सूक्ष्म वित्त) पंचम कुमार दांगी का प्रभावी मार्गदर्शन और नेतृत्व रहा।
इस लक्ष्य की प्राप्ति में औरंगाबाद जिले के 11 प्रखंडों एवं अरवल जिले के 5 प्रखंडों के सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधकों की सक्रिय भूमिका रही। अरवल जिला की डीपीएम रागिनी कुमारी तथा औरंगाबाद के डीपीएम पवन कुमार के समन्वय और सतत प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हो सकी।

शाखा स्तर पर भी उल्लेखनीय प्रदर्शन देखने को मिला। कुल 20 शाखाओं ने 1 करोड़ रुपये से अधिक, 14 शाखाओं ने 2 करोड़ रुपये से अधिक तथा 5 शाखाओं ने 3 करोड़ रुपये से अधिक का जीविका ऋण वितरण कर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। यह उपलब्धि बैंक की मजबूत टीम भावना, योजनाबद्ध रणनीति और ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
एक ही दिन में 100 करोड़ रुपये का यह जीविका ऋण वितरण स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और वित्तीय समावेशन को नई गति प्राप्त होगी।
जिला प्रशासन औरंगाबाद ने भविष्य में भी ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण एवं वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।






