औरंगाबाद (बिहार)
जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के सशक्त और कुशल नेतृत्व में औरंगाबाद जिले ने फार्मर रजिस्ट्री अभियान में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज कर राज्य स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। जिले में अब तक 1,18,137 किसानों का सफल पंजीकरण किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 60 प्रतिशत है।
यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि अभियान की शुरुआत में जिले की उपलब्धि मात्र 12,632 (6.30%) थी। लेकिन 06 जनवरी 2026 से कैंप मोड में शुरू किए गए सघन अभियान ने तस्वीर पूरी तरह बदल दी। महज कुछ ही सप्ताह में पंजीकरण की संख्या छलांग लगाते हुए 1 लाख से अधिक का आंकड़ा पार कर गई।
प्रशासन की सुनियोजित रणनीति, नियमित समीक्षा बैठकें और जमीनी स्तर पर अधिकारियों की सक्रियता ने इस अभियान को नई गति दी। 06 जनवरी के बाद से अब तक 1,05,000 से अधिक किसानों का पंजीकरण किया जाना अपने आप में एक रिकॉर्ड माना जा रहा है।
जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने इस सफलता को किसानों की डिजिटल पहचान सुनिश्चित करने की दिशा में “मील का पत्थर” बताया। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और त्वरित रूप से मिल सकेगा।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मियों, कृषि समन्वयकों एवं स्थानीय प्रशासनिक इकाइयों की सराहना करते हुए कहा कि अभियान को और अधिक गति और गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य शीघ्र प्राप्त हो सके।
जिला प्रशासन ने उन किसानों से अपील की है, जिन्होंने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे अपने कृषि समन्वयक या किसान सलाहकार से संपर्क कर शीघ्र फार्मर रजिस्ट्री कार्य पूर्ण कराएं।
डिजिटल पहचान की ओर बढ़ता औरंगाबाद अब राज्य के लिए एक प्रेरणास्रोत बन चुका है।






