औरंगाबाद:
समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले समाजसेवी प्रमोद कुमार सिंह के आकस्मिक निधन पर शहर के जैन धर्मशाला में श्रद्धांजलि सह प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश सिंह मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष कन्हैयालाल जैन ने की, जबकि संचालन जिला विधिज्ञ संघ औरंगाबाद के पूर्व अध्यक्ष व वरीय अधिवक्ता रसिक बिहारी सिंह ने किया।
सभा में मुख्य अतिथि लोक अभियोजक अजय कुमार ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जिले ने एक महान समाजसेवी को खो दिया है। यह अपूरणीय क्षति है जिसकी भरपाई संभव नहीं। उन्होंने कहा कि प्रमोद कुमार सिंह का जीवन समाज के लिए समर्पित था और उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
कन्हैयालाल जैन ने कहा कि प्रमोद कुमार सिंह रमेश प्रसाद सिंह मेमोरियल ट्रस्ट के सचिव के रूप में अत्यंत कर्मठता और ईमानदारी से दायित्व निभा रहे थे। उनकी सकारात्मक सोच और सक्रिय कार्यशैली के कारण ट्रस्ट ने अल्प समय में पूरे जिले में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। शहर की धड़कन कहे जाने वाले रमेश चौक के बार-बार हुए जीर्णोद्धार में उनकी अहम भूमिका रही।
वरीय अधिवक्ता एपीपी रसिक बिहारी सिंह ने भावुक शब्दों में कहा कि प्रमोद कुमार सिंह ने जिले के कई सार्वजनिक स्थलों पर निःशुल्क पनशाला शुरू करवाई। आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं की वे निरंतर सहायता करते थे। उन्हें युवा समाजसेवियों से विशेष लगाव था और वे उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित करते थे।
अरुण कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीण बैंक के सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर रहे प्रमोद कुमार सिंह समाज हित के कार्यों के कारण अत्यंत लोकप्रिय थे। वक्ताओं ने कहा कि पूर्व सांसद रमेश प्रसाद सिंह की जयंती और पुण्यतिथि पूर्व की भांति प्रत्येक वर्ष मनाई जाएगी, जो प्रमोद कुमार सिंह के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
स्पेशल पीपी कुमार योगेन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि समाज के प्रति उनका योगदान अतुलनीय है और ट्रस्ट द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन सराहनीय पहल है।
सभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर पूर्व जीपी बैजनाथ प्रसाद कर्ण, वरीय अधिवक्ता उदय कुमार सिन्हा, सिद्धेश्वर विद्यार्थी, क्षीतिज रंजन, विनय कुमार श्रीवास्तव, ई. राजेश कुमार सिंह, महाबीर जैन, परमेश्वर बाबू, सौरभ सिंह, चिकू बाबू, प्रो. अशोक कुमार सिंह, विनोद कुमार सिंह, रामाधार सिंह, अजय कुमार सिन्हा, विजय कुमार सिंह, अजय गुप्ता, गुप्ता जी, जितेन्द्र कुमार सिंह, पटवर्धन बाबू, रामकुमार, गुप्ता जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रार्थना सभा का समापन शोक-संवेदना और समाजसेवा के उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।






