
औरंगाबाद जिले के सदर अस्पताल में आज प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के सभी अस्पताल प्रबंधक, स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड अनुश्रवण एवं मूल्यांकन सहायक सहित अभियान से जुड़े सभी संस्थानों के इंचार्ज स्टाफ नर्सों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान डीपीसी नागेंद्र कुमार केशरी एवं जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अविनाश कुमार ने प्रतिभागियों को अभियान के उद्देश्य, क्रियान्वयन की प्रक्रिया, सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा प्रभावी अनुश्रवण के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुनियोजित और समन्वित प्रयासों से मातृ मृत्यु दर में कमी लाना इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. लालसा सिन्हा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) मो. अनवर आलम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, समयबद्ध रिपोर्टिंग और सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया।
प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक तकनीकी एवं प्रबंधन संबंधी ज्ञान प्रदान किया गया। इससे जिले की गर्भवती महिलाओं को समय पर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।






