
औरंगाबाद जिले में आज कुटुम्बा प्रखंड एक अलग ही उत्साह से सरोबार दिखा, जब SVEEP अभियान के तहत निकाली गई भव्य पिंक रैली ने पूरे क्षेत्र का माहौल मतदाता जागरूकता के रंग में रंग दिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री (भा.प्र.से.) की मौजूदगी में शुरू हुई इस जनजागरण यात्रा में महिलाओं, युवतियों और स्थानीय संगठनों की भारी भागीदारी देखने को मिली।
इस मौके पर बिहार SVEEP आइकन और चर्चित फिल्म अभिनेत्री नीतू चंद्रा ने अपनी दमदार उपस्थिति से लोगों में जोश भर दिया। उन्होंने कहा— “11 नवम्बर को मतदान सिर्फ अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने की जिम्मेदारी भी है। आपका वोट आपकी आवाज़ है, इसे बुलंद करें!”

रैली कुटुम्बा प्रखंड मुख्यालय से शुरू होकर चिलकी बिगहा मैदान (सतबहिनी मंदिर के समीप) तक उत्साह के साथ पहुंची। रास्ते भर छात्राओं, जीविका दीदियों, आंगनवाड़ी सेविकाओं और महिला मतदाताओं ने चमकीली गुलाबी थीम में मतदान का संदेश फैलाया।
अंत में चिलकी बिगहा मैदान में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया।
“बिहार गीत” की सुरीली प्रस्तुति से शुरू हुए समारोह में नीतू चंद्रा ने मंच से ही मतदाता संकल्प दिलवाया। तान्या मौआर और सृष्टि लक्ष्मी द्वारा गाए गए जागरूकता गीतों ने माहौल में ऊर्जा भर दी। साथ ही छात्राओं व स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत लोक-नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को उत्साहित कर दिया।

पूरे कार्यक्रम में “हर मत, लोकतंत्र की ताकत” और “शत-प्रतिशत मतदान — हर नागरिक का सम्मान” जैसे संदेश लगातार गूंजते रहे।
कुटुम्बा में आज का दिन सिर्फ एक रैली नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक चेतना का जश्न बन गया।






