जदयू से बगावत पर चला सख्त एक्शन — पार्टी ने औरंगाबाद के लव सिंह को पार्टी से निकाला, कुल 11 नेताओं पर गिरी गाज

पटना :- बिहार की सियासत में हलचल मचाने वाली बड़ी खबर औरंगाबाद से आई है। जनता दल (यूनाइटेड) ने पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के मामले में नवीनगर विधानसभा क्षेत्र के चर्चित युवा नेता लव सिंह को पार्टी से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है।

प्रदेश महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी चंदन कुमार सिंह द्वारा 25 अक्टूबर 2025 को पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर पार्टी विरोधी गतिविधियों और संगठनात्मक आचरण के उल्लंघन में संलिप्त नेताओं को तुरंत प्रभाव से सदस्यता से निष्कासित किया जाता है।

लव सिंह के साथ इस सूची में कुल 11 नेता शामिल हैं, जिनमें पूर्व मंत्री शैलेश कुमार (जमालपुर), पूर्व सांसद संजय प्रसाद (चकाई), श्याम बहादुर सिंह (बढ़ईया), रणविजय सिंह (बक्सर), सुधर्शन कुमार (बरबीघा), अमर कुमार सिंह (बक्सर), आसमा परवीन (मधुबनी), आशा सुमन (कटिहार), दिव्यांश भारद्वाज (पूर्वी चंपारण) और विवेक शुक्ला (सीवान) शामिल हैं।

लव सिंह की निष्कासन की खबर के बाद नवीनगर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आगामी चुनाव में वह किसी नए दल या निर्दलीय रूप में ताल ठोक रहे हैं।