आस्था और श्रद्धा का पावन क्षण…मुख्यमंत्री ने की भगवान विश्वकर्मा की पूजा, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएँ

पटना : विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर राजधानी पटना भक्ति और आस्था से सराबोर रहा। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज दिनभर भगवान विश्वकर्मा की विभिन्न प्रतिमाओं के समक्ष पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम मुख्यमंत्री आवास, 1 अणे मार्ग में स्थापित भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धा भाव से पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात उन्होंने मुख्य सचिवालय प्रांगण, नवीन पुलिस केन्द्र स्थित राज्य पुलिस परिवहन मुख्यालय, पटना हवाई अड्डा स्थित स्टेट हैंगर एवं विशेष सुरक्षा बल के कार्यालय परिसर में स्थापित भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाओं पर विधिवत पूजा कर प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा से संपूर्ण राज्यवासियों के सुख, शांति, उन्नति और समृद्धि की मंगलकामना की। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों को विश्वकर्मा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई दीं।

पूजा-अर्चना के इस पावन क्षण में आस्था और शांति का वातावरण बना रहा। मंत्रोच्चार और भक्ति ध्वनि से वातावरण गुंजायमान हो उठा।

इस अवसर पर जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री  विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, प्रमण्डलीय आयुक्त चन्द्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., मंत्रिमंडल सचिवालय के विशेष सचिव नीलेश देवड़े, अपर पुलिस महानिदेशक अमृत राज, पुलिस उप महानिरीक्षक दीपक वर्णवाल, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

भक्ति और श्रद्धा के इस दिव्य अवसर पर राजधानी पटना में आस्था और उत्साह का संगम देखने को मिला।