औरंगाबाद के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का नेशनल लेवल असेसमेंट संपन्न, गुणवत्ता प्रमाणन की ओर बढ़ा कदम

औरंगाबाद:
राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन (NUHM) के तहत जिला मुख्यालय स्थित सोन कॉलोनी में संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) विषयक दो दिवसीय नेशनल लेवल असेसमेंट 16 एवं 17 फरवरी को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह मूल्यांकन नेशनल हेल्थ सिस्टम रिसोर्स सेंटर, नई दिल्ली, भारत सरकार से आए दो सदस्यीय दल द्वारा किया गया। टीम में उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग से डॉ. कमल मिश्रा एवं दिल्ली से श्रीमती निर्मल नेगी शामिल रहीं।


जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. अनवर आलम ने बताया कि राष्ट्रीय टीम द्वारा केंद्र के ओपीडी, प्रयोगशाला, दवा वितरण कक्ष, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था, जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट प्रबंधन तथा अभिलेख संधारण की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान संस्थान में कार्यरत चिकित्सकों एवं कर्मियों ने सभी बिंदुओं पर आवश्यक जानकारी प्रस्तुत की। असेसरों ने जवाबों और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शीघ्र ही राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त करेगा।


उन्होंने बताया कि इस नेशनल लेवल असेसमेंट का मुख्य उद्देश्य केंद्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन दिलाना तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुरक्षित और मानक अनुरूप बनाना है।


सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार ने इसे जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन किसी भी स्वास्थ्य संस्थान में उपलब्ध सेवाओं के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करता है और यह दर्शाता है कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने डेवलपमेंट पार्टनर पिरामल स्वास्थ्य के जिला प्रबंधक शशांक राज प्रधान एवं उनकी टीम द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना की।


मूल्यांकन के दौरान चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्याम कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक मो. शाहीन अख्तर, बीसीएम राजेश कुमार, प्रखंड लेखपाल दिप्ति कुमारी, डॉ. राज आर्यन, डॉ. निकिता कुमारी, पिरामल स्वास्थ्य से गांधी फेलो अरुण कुमार, नेहा कुमारी, स्मृति कुमारी, मनीष कुमार, अरुण कुमार चौधरी, सत्येंद्र कुमार, मो. सफव, डाटा ऑपरेटर देवांश, स्टॉफ नर्स राजकमल यादव, एएनएम बबली कुमारी, प्रमिला कुमारी, फार्मासिस्ट संजय कुमार सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मी उपस्थित रहे।
जिला योजना समन्वयक सह शहरी स्वास्थ्य सलाहकार नागेंद्र कुमार केसरी ने संपूर्ण गतिविधि का समन्वय किया।


नेशनल लेवल असेसमेंट की सफलता से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर में और सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।