औरंगाबाद । देव थाना क्षेत्र के नयापुर गांव में एक 8 वर्षीय मासूम बच्चे का शव गांव के बाहर पोखर में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सतीश कुमार के रूप में हुई है, जो शुक्रवार शाम से लापता था। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे ग्रामीणों ने बच्चे का शव पोखर में तैरता देखा, जिसके बाद पूरे गांव में मातम और आक्रोश फैल गया।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे सतीश घर से खेलने निकला था। रात 8 बजे तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात तक खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद देव थाना में गुमशुदगी की सूचना दी गई।
शनिवार सुबह गांव के बाहर स्थित एक पोखर में बच्चे का शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर यह एक दर्दनाक हादसा है या फिर किसी साजिश के तहत हत्या।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है। वहीं गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बच्चे का पता चल जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। फिलहाल पूरे इलाके में सिर्फ एक ही सवाल गूंज रहा है —
“मासूम सतीश की मौत हादसा है या हत्या?”






