औरंगाबाद जिले की नवीनगर थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 के चर्चित नक्सली कांड में फरार चल रहे कुख्यात नक्सली उमेश राम को पुलिस ने टंडवा थाना क्षेत्र (झारखंड) से धर दबोचा है। उमेश राम पर नहर निर्माण करा रही कंपनी के संवेदक से हथियारबंद नक्सलियों द्वारा लेवी मांगने का गंभीर आरोप है।
घटना 7 मार्च 2025 की है, जब लगभग 8 से 10 हथियारबंद चितकबरा वर्दीधारी नक्सलियों ने भाकपा माओवादी का पर्चा सौंपते हुए ठेकेदार से लेवी की मांग की थी। इस मामले में नवीनगर थाना में कांड संख्या 73/25 दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक औरंगाबाद के निर्देश पर SDPO सदर -1 के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। इस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पहले ही 8 नक्सलियों की गिरफ्तारी कर ली थी और 6 हथियार व 18 जिंदा कारतूस जब्त किए गए थे।
अब इसी कड़ी में SIT ने झारखंड के पलामू जिले के देउरी थाना क्षेत्र से उमेश राम, पिता रामचंद्र राम को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
अपराधिक इतिहास:
- हुसैनाबाद थाना (झारखंड) कांड संख्या 270/19, धारा 385/387/34 IPC एवं 17 CLA एक्ट
- हुसैनाबाद थाना (झारखंड) कांड संख्या 724/24, धारा 379/411 IPC
पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के लगभग सभी सदस्यों की गिरफ्तारी के साथ ही क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर बड़ा अंकुश लगेगा।